🔴 BREAKING
⚡ G.NEWS ग्वाल न्यूज़: मध्य प्रदेश व देवास जिले की हर बड़ी खबर सबसे पहले। | 📢 अपने क्षेत्र की ताजा खबरें और विज्ञापन भेजने के लिए हमसे संपर्क करें। | ⚡ ताजा अपडेट्स के लिए हमारे सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करें।

ब्रजधाम कॉलोनी में हुई लाखों की चोरी से दहशत, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल --------------------- आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन




खातेगांव निप्र। नगर की ब्रजधाम कॉलोनी में लाखों रुपए के आभूषण एवं नकदी की चोरी की गंभीर वारदात के बाद रहवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। चोरी की घटना को लेकर कॉलोनी निवासी संघ एवं महाजन निवासी संघ ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में 29 अक्टूबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपकर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 की रात ब्रजधाम कॉलोनी में प्रकाश वर्मा के निवास को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से लाखों रुपए मूल्य के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ले गए। इस वारदात से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है वहीं कॉलोनी के अन्य रहवासी भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।


सीसीटीवी फुटेज देने के बाद 

भी कार्रवाई का इंतजार

----------------------

रहवासी संघ ने ज्ञापन में बताया कि घटना की सूचना पुलिस को पहले ही दी जा चुकी है। साथ ही कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है। इसके बावजूद ज्ञापन सौंपे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के संबंध में कोई संतोषजनक प्रगति सामने नहीं आने से रहवासियों में नाराजगी है।

रहवासियों का कहना है कि जब घटना के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराए जा चुके हैं तब मामले की गंभीरता से जांच कर संदिग्धों की पहचान और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की है।


ज्ञापन में रखीं प्रमुख मांगें

----------------------

कॉलोनी निवासी संघ एवं महाजन निवासी संघ ने जनहित और रहवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जो प्रमुख मांगें रखीं उनमें है- 25 अक्टूबर की रात हुई चोरी के मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई कराकर प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी जाए। उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गंभीरता से जांच कर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जाए और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं नकदी की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। ब्रजधाम कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। कॉलोनी के प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी पीड़ित परिवार एवं निवासी संघ को उपलब्ध कराई जाए ताकि रहवासियों का सुरक्षा व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रहवासियों में चिंता

---------------------

ज्ञापन में कहा गया है कि चोरी की इस वारदात ने कॉलोनीवासियों के मन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। रहवासी चाहते हैं कि पुलिस प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करे बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाए।

रहवासियों ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और नियमित पुलिस गश्त से ही पीड़ित परिवार को न्याय मिलने के साथ कॉलोनीवासियों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सकेगा।  

एसडीएम राजेन्द्र पंवार को सौंपे ज्ञापन के दौरान प्रकाश वर्मा, विनोद राठौर, रोहित वर्मा, जीतू वर्मा, चेतन सोनी, पदम् मीणा, मनोहर मंडलोई, लोकेश वर्मा, अशोक वर्मा, विशाल वर्मा, दीपक वर्मा, ओम प्रकाश वर्मा, नवीन वर्मा, गोलू वर्मा, संजय प्रजापत तुलाराम पेठारे, मंगल वर्मा, मुकेश दीक्षित, सूर्यकांत शर्मा, संतोष विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।



📢 इस खबर को शेयर या सुरक्षित करें:

🟢 WhatsApp पर शेयर करें 📥 खबर सेव करें (PDF)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

🕒 00:00:00 AM