*कुसमानिया में ‘उद्योग संवाद’: लखपति दीदियों ने साझा की आत्मनिर्भरता की कहानियां, बोलीं- चौके-चूल्हे से कारोबार तक का सफर किया तय*
------
*विधायक श्री आशीष शर्मा और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने 25 हितग्राहियों को 1 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक ऋण के लिए वितरित किए स्वीकृति पत्र*
----------
*सीएफएल के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को लगभग 1 करोड़ 73 लाख रुपये का किया गया वितरण*
----‐-----
देवास, 16 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम कुसमानिया में विधायक श्री आशीष शर्मा, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे की उपस्थिति में उद्योगपतियों, स्थानीय उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों की ‘लखपति दीदियों’ के साथ उद्योग संवाद का आयोजन किया गया। संवाद में क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर उद्योगों के संचालन में आ रही समस्याओं के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधायक श्री शर्मा एवं कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 25 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में 1 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
*स्व-सहायता समूहों से महिलाओं को मिल रही नई पहचान*
उद्योग संवाद के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद जीवन में आए आर्थिक एवं सामाजिक बदलावों की कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि समूहों से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे विभिन्न व्यवसायों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। बैंक सखी के रूप में कार्य कर रही एक महिला ने बताया कि वह प्रतिमाह 20 से 25 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। बैंकिंग संबंधी कार्यों एवं ऋण प्रक्रिया में सहयोग करने के साथ ही अब वे आत्मविश्वास के साथ लोगों से संवाद कर रही हैं। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
इसी प्रकार श्रीमती समा चौहान ने बताया कि पहले वे गृहिणी थीं, लेकिन अब जैविक दवाइयां बनाने के साथ किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित कर रही हैं। वे अब तक लगभग 125 किसानों को जैविक खेती के संबंध में मार्गदर्शन दे रही हैं तथा इस कार्य से प्रतिमाह 20 से 25 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि समूह के माध्यम से वे अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। श्रीमती राठौड़ ने भी स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद बढ़े आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़कर महिलाओं को घर से बाहर निकलने, अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने और स्वयं की पहचान स्थापित करने का अवसर मिला है। क्षेत्र में महिलाएं पापड़ निर्माण, स्कूल ड्रेस तैयार करने, दीपावली पर दीपकों की दुकान लगाने तथा उपार्जन कार्य जैसी गतिविधियों से भी जुड़ रही हैं।
*जैविक खेती से लेकर खाद्य प्रसंस्करण तक बढ़ रहे कदम*
उद्योग संवाद के दौरान क्षेत्र की उद्यमी श्री शीतल जलोदिया ने उद्यानिकी विभाग के सहयोग से फलोद्यान विकसित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य पोषित योजना के अंतर्गत उन्होंने लगभग 530 पौधे लगाए हैं तथा जैविक पद्धति से खेती कर रही हैं। पौधे बड़वानी से लाए गए थे और इस कार्य के लिए उन्होंने 80 हजार रुपये का ऋण लिया है। वे स्थानीय बाजार में अपने उत्पादों का विक्रय करना चाहती हैं, लेकिन जैविक उत्पादों के लिए उपयुक्त बाजार उपलब्ध नहीं होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने टेक्सटाइल वर्क प्लांट स्थापित करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
उद्यमी श्री जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत मल्टीग्रेन उत्पाद तैयार करने के लिए उनका ऋण स्वीकृत हुआ है। इससे उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। संवाद में महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती और अन्य लघु उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
*महिलाओं को बेहतर बिजनेस प्लानिंग और वित्तीय प्रबंधन के लिए किया प्रेरित*
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अब किराना दुकान से लेकर रियल एस्टेट और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों तक में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। महिलाएं अपनी मेहनत, कौशल और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन, आय-व्यय का सही आकलन, लाभ की गणना तथा बेहतर बिजनेस प्लानिंग के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि नए स्टार्टअप शुरू करने और मौजूदा व्यवसायों का विस्तार करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बैंक ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नई इंडस्ट्रीज की स्थापना से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को और अधिक मजबूत बना सकती हैं।
*सीएफएल के माध्यम से वितरित किए गए 1 करोड़ 73 लाख रुपये*
संवाद के दौरान जानकारी दी गई कि क्षेत्र में सीएफएल के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को लगभग 1 करोड़ 73 लाख रुपये का वितरण किया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि समूहों को मिलने वाले ब्याज की राशि का सदुपयोग करते हुए अपने उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाएं। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। महिलाओं को अन्य प्रदेशों में संचालित सफल उद्यमों एवं स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों का अवलोकन कराने के लिए भ्रमण भी आयोजित किए जाएं, ताकि वे नई तकनीकों, बेहतर कार्यप्रणाली और व्यवसाय के नए तरीकों को सीख सकें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि महिलाओं को उपलब्ध संसाधनों, शासकीय योजनाओं एवं वित्तीय सहायता का लाभ लेकर अपने व्यवसायों को आगे बढ़ाना चाहिए। जिला प्रशासन महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
*25 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में वितरित किए 1 करोड़ 34 लाख से अधिक के ऋण*
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 1 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अंतर्गत पढ़ाई के लिए छात्र कृष्णा कनोजिया को 3 लाख 34 हजार 400 रुपए, सक्षम को 7 लाख 50 हजार रुपए, आयुष लोवंशी को 5 लाख 34 हजार 300 रुपए का शिक्षा के लिए ऋण स्वीकृत किया गया। एग्रीकल्चर मोर्टगेज के लिए श्री आरिफ खान को 5 लाख रुपए, श्री दीपक जाट को 1 लाख 75 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। हितग्राही श्री सुरेश चंद्र को कार के लिए 9 लाख 90 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया।पीएमएफएमई मुद्रा योजना अंतर्गत श्री उदित जोशी को 6 लाख 53 हजार 130 रुपए तथा मधुरम को 13 लाख 87 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया।
इसी प्रकार हितग्राही श्री राजेश का ट्रैक्टर के लिए 8 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्री राहुल जाट का 11 लाख 80 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। इसी प्रकार मूलचंद्र का एग्री मोर्टगेज के लिए 2 लाख 50 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्री रमेश चंद्र का कार के लिए 7 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्री रहमान खान का एग्रीकल्चर मोर्टगेज के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्री रामनिवास का ट्रैक्टर के लिए 9 लाख 25 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्रीमती गायत्री बाई का ट्रैक्टर के लिए 6 लाख 30 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्रीमती शोभाबाई का एग्री मोर्टगेज के लिए 3 लाख रुपए तथा श्रीमती इंद्रा जैन का मुद्रा योजना में 3 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया।
इसी प्रकार श्रीमती छमाबाई का केसीसी एवं कृषि बंधक ऋण के तहत 3 लाख 18 हजार रुपए, श्री विष्णु प्रसाद जायसवाल का केसीसी एवं कृषि बंधक ऋण 3 लाख 21 हजार रुपए, श्री अंतर सिंह पिता रामप्रसाद का केसीसी के लिए 1 लाख 73 हजार रुपए, श्रीमती सुगनबाई जाट का केसीसी में 6 लाख 25 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्री विनोद साहू का प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में 5 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। श्री ताराचंद मकवाना का केसीसी में 9 लाख 74 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया।
*ऋण स्वीकृति पत्र वितरित कर उद्यमिता को दिया प्रोत्साहन*
उद्योग संवाद के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सौम्या जैन सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, स्थानीय उद्यमी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं।


0 टिप्पणियाँ