🔴 BREAKING
⚡ G.NEWS ग्वाल न्यूज़: मध्य प्रदेश व देवास जिले की हर बड़ी खबर सबसे पहले। | 📢 अपने क्षेत्र की ताजा खबरें और विज्ञापन भेजने के लिए हमसे संपर्क करें। | ⚡ ताजा अपडेट्स के लिए हमारे सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करें।

चिड़ावद में उद्योग संवाद: विधायक डॉ. सोनकर, प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार, एसपी श्री गेहलोद और जिला पंचायत सीईओ श्री धुर्वे ने किया संवाद* *14 हितग्राहियों को ₹1.59 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित, उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां

 



मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत टोंकखुर्द विकासखंड के ग्राम चिड़ावद में उद्योग संवाद का आयोजन किया गया। विधायक डॉ. राजेश सोनकर, प्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे की उपस्थिति में आयोजित उद्योग संवाद में उद्योगपतियों, स्थानीय उद्यमियों तथा स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों ने सहभागिता की। 


कार्यक्रम में क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा स्थानीय उद्योगों के संचालन में आ रही समस्याओं के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। संवाद के दौरान महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती एवं अन्य लघु उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने उद्यमियों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।


*14 हितग्राहियों को 1 करोड़ 59 लाख 78 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित*


 उद्योग संवाद के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पीएमएफएमई सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 14 हितग्राहियों को कुल 1 करोड़ 59 लाख 78 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिसमें  देवकरण पटेल को 24 लाख रुपये, मेघा राजपूत को 5 लाख 30 हजार रुपये, करण खगोड़ा  को 6 लाख 12 हजार रुपये, सद्गुरु स्व-सहायता समूह को 6 लाख रुपये, विशेष मंडलोई को 48 लाख 50 हजार रुपये, मां काली टेंट हाउस को 7 लाख रुपये, सागर सिंह को 7 लाख 50 हजार रुपये, कुणाल हाड़ा को 7 लाख 5 हजार रुपये, धर्मेंद्र फेरीवाला को 2 लाख 36 हजार रुपये, सतीश चौधरी को 9 लाख 5 हजार रुपये, रामचंद्र सिरोलिया को 10 लाख रुपये, मनोहर मंडलोई को 13 लाख रुपये, मंडलोई दूध डेयरी को 5 लाख रुपये, अनिल सिंह राजपूत को 8 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनके व्यवसायों का विस्तार करना, ग्रामीण क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।


उद्योग संवाद में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए आर्थिक एवं सामाजिक बदलावों की प्रेरक कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि समूहों से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे विभिन्न व्यवसायों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती भावना शिवहरे ने बताया कि पहले वे केवल घरेलू कार्य करती थीं, लेकिन समूह से जुड़ने के बाद आत्मनिर्भर बनीं और अब प्रतिमाह 20 से 25 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। श्रीमती हेमा पटेल ने बताया कि उन्होंने समूह से ऋण लेकर पार्लर का कार्य शुरू किया। इसके बाद वॉशिंग सेंटर एवं कृषि कार्य के लिए भी ऋण लिया। अब वे मावा निर्माण इकाई स्थापित करना चाहती हैं। इस पर उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की जानकारी देते हुए आवेदन करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्रतानुसार इन योजनाओं में अनुदान का लाभ भी लिया जा सकता है। इसी प्रकार श्रीमती बबीता ने बताया कि वे स्व-सहायता समूह से ऋण लेकर चूड़ी निर्माण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी एवं सिलाई का कार्य कर रही हैं और प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। अन्य समूहों की महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूहों से जुड़कर उन्हें रोजगार, आर्थिक मजबूती और आत्मविश्वास प्राप्त हुआ है।


*स्थानीय उद्यमियों ने साझा किए अनुभव, उद्योग विस्तार पर हुई चर्चा*


संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने अपने व्यवसायों की प्रगति और योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी दी। श्री रामकुमार सिरोलिया ने बताया कि ऋण लेकर व्यवसाय शुरू किया जो वर्तमान में अच्छे परिणाम दे रहा है। श्री विशेष मंडलोई ने बताया कि उन्होंने फ्लोर मिल के लिए बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 50 लाख रुपये का ऋण लिया है। ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे किसान श्री राकेश पटेल ने ऋण की सहायता से खेती को आगे बढ़ाने की जानकारी दी। श्री महेंद्र सिंह जसोनिया ने बताया कि पशु आहार व्यवसाय के लिए उन्हें 28 लाख रुपये का ऋण एवं 9 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है। वहीं, श्री ईश्वरलाल मंडलोई ने बताया कि पशु आहार व्यवसाय के लिए उन्हें लगभग 5 लाख रुपये का ऋण मिला, जिसमें 1 लाख रुपये की सब्सिडी शामिल है।उद्यमियों ने अपने उद्योगों के विस्तार के लिए बैंक की कैश क्रेडिट (सीसी) सीमा बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई। संवाद में उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण तथा व्यवसायों को और अधिक सशक्त बनाने के संबंध में चर्चा की गई। 


कार्यक्रम में डीएफओ श्री अमित सिंह, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, स्थानीय उद्यमी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।

📢 इस खबर को शेयर या सुरक्षित करें:

🟢 WhatsApp पर शेयर करें 📥 खबर सेव करें (PDF)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

🕒 00:00:00 AM