खातेगांव। इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव स्थित समृद्धि के सामने रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रही बाइक की दूसरी बाइक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार करीब 5 से 7 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कार और ऑल्टो सवार भी घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कार सवार अपनी दादी की अस्थियां लेकर नेमावर स्थित नर्मदा घाट पर विसर्जन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद घायलों को खातेगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हरदा रेफर किया गया।
मृतक की पहचान भैरूंदा निवासी 33 वर्षीय शैलेन्द्र के रूप में हुई है। शैलेन्द्र मजदूरी का कार्य करता था और अपनी स्टार बाइक क्रमांक MP 41 MG 7493 से जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीर ओमप्रकाश गुर्जर ने अपनी टाटा एस पिकअप की मदद से घायल को खातेगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर छा गई।
तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ।


0 टिप्पणियाँ