🔴 BREAKING
⚡ G.NEWS ग्वाल न्यूज़: मध्य प्रदेश व देवास जिले की हर बड़ी खबर सबसे पहले। | 📢 अपने क्षेत्र की ताजा खबरें और विज्ञापन भेजने के लिए हमसे संपर्क करें। | ⚡ ताजा अपडेट्स के लिए हमारे सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करें।

सुरक्षित बचपन अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*




सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सरदाना इंटरनेशनल स्कूल, देवास में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, कानून एवं समाज में व्याप्त बाल अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति संवेदनशील बनाना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन एवं पॉक्सो कानून जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई एवं विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने तथा स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में जिला एवं प्रधान सत्र न्यायाधीश श्री कपिल मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन और उनका सर्वांगीण विकास समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना संकोच अपने अभिभावकों, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह समय पढ़ाई और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करने का है। मोबाइल फोन का उपयोग भी सही एवं सकारात्मक उद्देश्यों के लिए करें। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी।


सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नरेंद्र पटेल ने सुरक्षित बचपन अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, बाल श्रम, साइबर अपराध एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले विभिन्न प्रकार के शोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों एवं कानून की जानकारी देना समय की आवश्यकता है। जागरूकता के माध्यम से ही बच्चों को शोषण और अपराधों से सुरक्षित रखा जा सकता है।


जिला न्यायाधीश डॉ. रविकांत सोलंकी ने कहा कि कानून केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने का माध्यम नहीं है, बल्कि कानून की जानकारी समाज को अपराधों से बचाने और सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण साधन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने के संबंध में जानकारी दी। साथ ही आवश्यक आपातकालीन सहायता नंबरों के बारे में भी बताया। बाल कल्याण समिति देवास की सदस्य श्रीमती रितु ने बाल संरक्षण अधिनियम तथा श्री शिव प्रताप सिंह ने साइबर अपराधों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया।

📢 इस खबर को शेयर या सुरक्षित करें:

🟢 WhatsApp पर शेयर करें 📥 खबर सेव करें (PDF)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

🕒 00:00:00 AM