ग्रामीण आबादी क्षेत्र में निवासरत परिवारों को उनके पुश्तैनी मकानों एवं भूखंडों का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने के उद्देश्य से संचालित स्वामित्व योजना के अंतर्गत शुरू की गई 'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' के क्रियान्वयन को गति देने के लिए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शुक्रवार को ग्राम बरखेड़ा कोतापाई का दौरा किया। कलेक्टर ने गांव में पहुंचकर अधिकार अभिलेख, ड्रोन सर्वेक्षण तथा स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन (रजिस्ट्री) की प्रगति का मौके पर जायजा लिया।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की उपस्थिति में ग्राम बरखेड़ा कोतापाई के कृषक इन्दर सिंह का मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत विधिवत निःशुल्क पंजीयन करवाकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई और उन्हें दस्तावेज सौंपा गया। कलेक्टर के समक्ष अपनी संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज प्राप्त करने के उपरांत कृषक इन्दर सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज शासन द्वारा पूर्णतः निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री मिलने से उन्हें अपनी संपत्ति का वास्तविक मालिकाना हक प्राप्त हुआ है। अब वे अपने बच्चों की उच्च शिक्षा, व्यवसाय और कृषि आवश्यकताओं के लिए बैंक से सुगमता से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने राजस्व एवं पंचायत विभाग के मैदानी अधिकारियों व पटवारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक गांव में शत-प्रतिशत पात्र ग्रामीणों की रजिस्ट्री समय-सीमा में पूर्ण कराई जाए।
आजादी के बाद पहली बार ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों रुपये के पक्के मकानों का विधिक अधिकार ग्रामीणों को निःशुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से सौंपा जा रहा है। राज्य सरकार ने इस योजना के तहत संपूर्ण प्रदेश में 50 लाख निःशुल्क रजिस्ट्रियां कराने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें आगामी 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूर्ण की जानी हैं।



0 टिप्पणियाँ