बैतूल शहर के ग्वाल टोली कृष्णपुरा टिकारी बैतूल में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। आयोजन में समाज के महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग एवं नन्हे बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर भगवान गोवर्धन का पूजन-अर्चन किया।
इस अवसर पर लगभग 21 क्विंटल गोबर से भगवान गोवर्धन की विशाल प्रतिमा तैयार की गई। धार्मिक परंपरा के अनुसार नन्हे बच्चों को भगवान गोवर्धन की प्रतिमा पर आशीर्वाद स्वरूप लिटाया गया। महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की तथा भक्ति गीतों का गायन किया।पूजन के दौरान भगवान गोवर्धन को छप्पन भोग सहित खीर, पूड़ी, लाही, दूध, दही, केला एवं विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक नृत्य, गायन और भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।युवाओं ने उत्साहपूर्वक आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। वहीं बुजुर्गों ने भी पारंपरिक विधि-विधान से पूजा में सहभागिता की। पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान की आरती की गई तथा सभी श्रद्धालुओं को भोग एवं प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर समाज के सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर गोवर्धन पूजा एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। सामूहिक सहभागिता, सामाजिक एकता और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न यह आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत एवं आपसी भाईचारे का सुंदर उदाहरण बना।


0 टिप्पणियाँ