देवास। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने देवास शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में झुग्गियों, मकानों और संदिग्ध स्थानों पर सघन दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जमीन में गाड़कर छिपाया गया करीब 5 हजार किलोग्राम महुआ लहान खुदाई कर बाहर निकाला गया और मौके पर ही नष्ट किया गया। वहीं 120 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब भी जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 6 तथा धारा 34(2) के तहत 1 प्रकरण सहित कुल 7 मामले दर्ज किए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 5 लाख 24 हजार रुपये बताया गया है।
अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

0 टिप्पणियाँ