भोपाल/देवास। मध्यप्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामलों के बाद राज्य सरकार ने देवास और सागर जिले में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। सरकार ने दोनों जिलों के कलेक्टर और एसपी को बदल दिया है। वहीं, देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया सहित तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है। दोनों जिलों के तत्कालीन एसपी को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) पदस्थ किया गया है।
देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव बनाया गया है, जबकि सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को देवास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अंजू अरुण कुमार को सिवनी का नया कलेक्टर बनाया गया है। दिलीप कुमार यादव सागर के नए कलेक्टर होंगे।
देवास और सागर में नए एसपी की नियुक्ति
देवास के तत्कालीन एसपी पुनीत गेहलोत को पुलिस मुख्यालय में एआईजी पदस्थ किया गया है। उनकी जगह बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा को देवास का नया एसपी बनाया गया है। सागर के तत्कालीन एसपी अनुराग सुजानिया को भी एआईजी बनाया गया है। सागर में संजीव कुमार सिंह को नया एसपी नियुक्त किया गया है, जो इससे पहले ग्वालियर में विशेष सशस्त्र बल की 14वीं वाहिनी में सेनानी थे।
देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के बीच प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, सागर में सितंबर माह में हुए जहरीली शराब कांड के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
देवास में 13 मजदूरों की मौत का दावा
जानकारी के अनुसार, देवास जिले के चंदाना और बिजाना गांव में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच जहरीली शराब से 13 मजदूरों की मौत होने का दावा किया गया है। मृतकों के परिजनों ने जहरीली शराब को मौत की वजह बताया है। मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
वहीं, सागर जिले के बाद और शाहगंज थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब से हुई करीब 36 मौतों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज की है। दोनों थाना क्षेत्रों में दर्ज अलग-अलग एफआईआर में अब तक करीब 33 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
जीतू पटवारी ने किया कलेक्टर कार्यालय का घेराव
देवास शराब कांड को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो इंदौर और उज्जैन से 50 हजार लोगों को एकत्रित कर देवास से उज्जैन तक पैदल यात्रा निकाली जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान मृतकों के परिजन अपने स्वजनों की तस्वीरें लेकर धरने पर बैठे। जीतू पटवारी ने अवैध शराब की बिक्री और जांच में देरी को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने एडीएम शोभाराम सोलंकी के सामने शराब की बोतल दिखाकर जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
उमंग सिंघार ने आबकारी आयुक्त पर कार्रवाई की मांग की
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया के माध्यम से सागर और देवास शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों जिलों के कलेक्टर और एसपी के तबादलों को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सिंघार ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग की निगरानी में कमी के कारण अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि आबकारी आयुक्त पर कार्रवाई कब होगी।
अंजू अरुण कुमार को 10 दिन में दूसरी पदस्थापना
अंजू अरुण कुमार को महज 10 दिन के भीतर दूसरी बार नई पदस्थापना मिली है। इससे पहले उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया था। अब उन्हें सिवनी जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह भोपाल स्मार्ट सिटी की सीईओ रह चुकी हैं और भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुकी हैं।
देवास में नए जिला आबकारी अधिकारी की नियुक्ति
जहरीली शराब कांड के बाद देवास में जिला आबकारी विभाग में भी बदलाव किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार कुर्मी को देवास का नया जिला आबकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मध्यप्रदेश में तीन महीने के भीतर जहरीली शराब से जुड़ा तीसरा मामला सामने आने के बाद प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।






0 टिप्पणियाँ