🔴 BREAKING
⚡ G.NEWS ग्वाल न्यूज़: मध्य प्रदेश व देवास जिले की हर बड़ी खबर सबसे पहले। | 📢 अपने क्षेत्र की ताजा खबरें और विज्ञापन भेजने के लिए हमसे संपर्क करें। | ⚡ ताजा अपडेट्स के लिए हमारे सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करें।

परम्परागत खेती छोड़ आधुनिक उद्यानिकी अपनाई, अब नर्सरी व्यवसाय से सालाना बेच रहे करीब 1 करोड़ पौधे* *सोनकच्छ के कृषक श्री नारायण सिंह सेंधव ने आधुनिक तकनीक और शासन की योजनाओं से बदली खेती की तस्वीर*

 






*परम्परागत खेती छोड़ आधुनिक उद्यानिकी अपनाई, अब नर्सरी व्यवसाय से सालाना बेच रहे करीब 1 करोड़ पौधे*


*सोनकच्छ के कृषक श्री नारायण सिंह सेंधव ने आधुनिक तकनीक और शासन की योजनाओं से बदली खेती की तस्वीर*


*देवास, 15 अक्टूबर 2026/* जिले के सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम अरनिया जागीर निवासी कृषक श्री नारायण सिंह सेंधव ने आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है। कभी सोयाबीन और गेहूं की परम्परागत खेती से परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल होता था, लेकिन आज वे आधुनिक तकनीक से सब्जियों का उत्पादन करने के साथ नर्सरी व्यवसाय के माध्यम से भी लाखों रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन, वैज्ञानिक पद्धतियों और शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेकर खेती को नई दिशा दी जा सकती है। कृषक श्री सेंधव इस बदलाव के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।


**वर्ष 2013-14 में उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से शुरू हुआ बदलाव**


कृषक श्री नारायण सिंह सेंधव बताते हैं कि पहले वे खरीफ में सोयाबीन और रबी में गेहूं की परम्परागत खेती करते थे, लेकिन इससे अपेक्षित उत्पादन और आय नहीं मिल पाती थी। वर्ष 2013-14 में उद्यानिकी विभाग के संपर्क में आने के बाद उनकी खेती में बदलाव की शुरुआत हुई। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन से उन्होंने आधुनिक एवं संरक्षित खेती की तकनीकों को अपनाया। ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग और शेडनेट हाउस जैसी पद्धतियों के माध्यम से उन्होंने मिर्च, टमाटर और बैंगन सहित विभिन्न सब्जियों की खेती प्रारंभ की।


**एक एकड़ में मिर्च से 4 लाख, टमाटर से 4 लाख और बैंगन से 2 लाख रुपये का उत्पादन**


आधुनिक तकनीकों को अपनाने से श्री सेंधव को सब्जियों की खेती में बेहतर परिणाम मिलने लगे। उनके अनुसार, एक एकड़ में मिर्च की खेती से लगभग 4 लाख रुपये, टमाटर से 4 लाख रुपये और बैंगन से लगभग 2 लाख रुपये का उत्पादन प्राप्त हुआ। वहीं, बेलवर्गीय फसलों से 90 से 105 दिनों की अवधि में एक एकड़ से लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का उत्पादन हुआ। इन परिणामों ने उनका खेती के प्रति विश्वास बढ़ाया और उन्हें उद्यानिकी का क्षेत्र विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया।


*शासन की अनुदान योजनाओं ने दिया संबल*


श्री सेंधव बताते हैं कि उद्यानिकी विभाग ने उन्हें समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया। पॉलीहाउस निर्माण एवं ड्रिप सिंचाई प्रणाली पर 50 प्रतिशत सब्सिडी तथा मल्चिंग पर अनुदान मिलने से आधुनिक खेती अपनाने में मदद मिली। इसके साथ ही विभाग द्वारा उन्हें प्रदेश के भीतर और अन्य राज्यों में एक्सपोजर टूर पर भेजा गया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से संपर्क, प्रशिक्षण और बैठकों के माध्यम से उन्हें नई तकनीकों की जानकारी मिली, जिसका लाभ उन्होंने अपनी खेती में लिया। इन प्रयासों से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और खेती का दायरा बढ़ता गया।


*2 से 3 एकड़ में नर्सरी, सालाना करीब 1 करोड़ पौधों की बिक्री*


सब्जियों की खेती का क्षेत्र बढ़ने के साथ ही श्री सेंधव को गुणवत्तापूर्ण पौधों की अधिक आवश्यकता महसूस हुई। इसी जरूरत को अवसर में बदलते हुए उन्होंने नर्सरी व्यवसाय प्रारंभ किया। वर्तमान में उनकी नर्सरी लगभग 2 से 3 एकड़ क्षेत्र में संचालित है, जहां से वे एक वर्ष में करीब 1 करोड़ पौधों की बिक्री करते हैं। नर्सरी व्यवसाय उनके लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है और इससे उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।


*सेंसर आधारित ऑटोमेशन सिस्टम से हाईटेक खेती को बढ़ावा*


आधुनिक तकनीक के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए श्री सेंधव ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के अंतर्गत सेंसर आधारित ऑटोमेशन सिस्टम का लाभ भी लिया है। इस तकनीक के माध्यम से फसलों की आवश्यकता के अनुरूप सिंचाई और उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। इससे खेती के प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने तथा जल एवं उर्वरकों का बेहतर उपयोग करने में सहायता मिलती है।


आज श्री नारायण सिंह सेंधव आधुनिक उद्यानिकी, संरक्षित खेती, ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, सेंसर आधारित ऑटोमेशन और नर्सरी व्यवसाय के माध्यम से जिले के प्रमुख उद्यानिकी कृषकों में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी यात्रा बताती है कि परम्परागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक मार्गदर्शन और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर खेती को अधिक लाभकारी एवं रोजगारपरक बनाया जा सकता है।

📢 इस खबर को शेयर या सुरक्षित करें:

🟢 WhatsApp पर शेयर करें 📥 खबर सेव करें (PDF)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

🕒 00:00:00 AM