🔴 BREAKING
⚡ G.NEWS ग्वाल न्यूज़: मध्य प्रदेश व देवास जिले की हर बड़ी खबर सबसे पहले। | 📢 अपने क्षेत्र की ताजा खबरें और विज्ञापन भेजने के लिए हमसे संपर्क करें। | ⚡ ताजा अपडेट्स के लिए हमारे सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करें।

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित संशोधनवाद की कोशिश नहीं होगी कामयाब : राजीव खंडेलवाल विधायक आशीष शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाकर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां





खातेगांव। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन के आह्वान एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राय सिंह सेंधव के निर्देशानुसार खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार करने के लिए विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। स्थानीय गुर्जर छात्रावास में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक पंडित आशीष शर्मा ने की। बैठक में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वहीं डॉ. आर.एन. यादव, कैलाश टाडा एवं लक्ष्मी नारायण गोरा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में अभियान के उद्देश्यों, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन की विचारधारा एवं केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ एकजुट हों कार्यकर्ता : खंडेलवाल

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा देवास के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने और अराजकता का माहौल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपने राजनीतिक स्वार्थ और सत्ता की लालसा के चलते लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं तथा युवाओं के माध्यम से देश में अस्थिरता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि ऐसे माहौल को समाप्त करने और लोकतंत्र के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक समरसता और सकारात्मक वातावरण के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे। राजनीतिक विरोध के नाम पर देश की संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने के प्रयासों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति के सामने अराजकता फैलाने के प्रयास सफल नहीं होंगे।

विपक्ष सत्ता की छटपटाहट में अलोकतांत्रिक कदम उठा रहा : विधायक आशीष शर्मा

बैठक की अध्यक्षता कर रहे खातेगांव विधायक पंडित आशीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल सत्ता प्राप्त करने की छटपटाहट में ऐसे कदम उठा रहे हैं, जिनसे लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को माध्यम बनाकर देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

विधायक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, समर्पण और जनसंपर्क के माध्यम से ऐसे प्रयासों का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन जनता के बीच रहकर राष्ट्रहित और जनकल्याण के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा।

विधायक शर्मा ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित होने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के बड़े आयोजन में खातेगांव विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होंने मंडल स्तर पर समन्वय स्थापित कर कार्यकर्ताओं को निर्धारित जिम्मेदारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी करने पर जोर दिया।

मंडल स्तर पर तैयार की गई कार्यक्रमों की रूपरेखा

बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा आगामी कार्यक्रमों के संचालन को लेकर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने की आवश्यकता बताई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती और कार्यक्रम की सफलता के लिए अपने विचार रखे।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर, कन्नौद मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह पटेल, हरणगांव मंडल अध्यक्ष ईश्वर सिंह सैनी, नेमावर मंडल अध्यक्ष सचिन मीणा, पानीगांव मंडल अध्यक्ष सुनील कर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी, जिला मंत्री राजेश मीणा, पंकज पटेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र सिंह राजावत ने किया, जबकि आभार जिला उपाध्यक्ष राजेश जोशी ने व्यक्त किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।

📢 इस खबर को शेयर या सुरक्षित करें:

🟢 WhatsApp पर शेयर करें 📥 खबर सेव करें (PDF)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

🕒 00:00:00 AM