(मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान)
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत उदयनगर में विधायक मुरली भंवरा, कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नवीत कुमार धुर्वे की गरिमामयी उपस्थिति में उद्योगपतियों एवं स्व-सहायता समूहों की 'लखपति दीदियों' के साथ महत्वपूर्ण “उद्योग-संवाद” का आयोजन किया गया। संवाद के दौरान क्षेत्र के समग्र औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन तथा स्थानीय स्तर पर इकाइयों के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के त्वरित निराकरण पर विस्तृत विमर्श हुआ। उद्यमियों ने अधोसंरचना, बुनियादी सुविधाओं एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों से जुड़े अपने सुझाव व समस्याएं मंच पर रखीं।
उद्योग संवाद में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने समूह से जुड़ने के उपरांत जीवन में आए आर्थिक व सामाजिक बदलावों को साझा किया। बागली विकासखंड के ग्राम हीरापुर निवासी श्रीमती बसुबाई बछानिया ने बताया कि उन्होंने 'संतोष आजीविका मिशन' से जुड़कर पहले 20 हजार रुपये का ऋण लिया और पुत्र के लिए सिलाई मशीन खरीदी। इसके बाद 2 लाख रुपये का ऋण लेकर ट्रैक्टर व अन्य कृषि उपकरण खरीदे। खेती और उपकरणों से आय बढ़ने पर उन्होंने व्यवसाय का विस्तार करते हुए किराए पर संचालित करने हेतु चार पहिया वाहन भी खरीदा। उदयनगर की श्रीमती जमनाबाई ने बताया कि 'देविका स्व-सहायता समूह' से जुड़कर उन्होंने 50 हजार रुपये का शुरुआती ऋण लिया। इस पूंजी से उन्होंने अपनी दुकान का सामान बढ़ाया और आगे चलकर परिवार के लिए बोलेरो गाड़ी खरीदी।
कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने महिला उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं किराना दुकान से लेकर रियल एस्टेट व व्यावसायिक गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन, लाभ के सटीक आकलन और बेहतर बिजनेस प्लानिंग के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि नए स्टार्टअप्स और व्यावसायिक विस्तार के लिए जिला प्रशासन बैंक ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम के दौरान की द्वारा प्राथमिकता प्राप्त विभिन्न क्षेत्रों में 1.18 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अंतर्गत एमबीबीएस की पढ़ाई हेतु छात्र अर्जुन गोयल को 7.50 लाख रुपये का शिक्षा ऋण स्वीकृत किया गया। वहीं आवास निर्माण के लिए आरती सचिन प्रजापति को 16 लाख रुपये और महेश गंगाराम डोडवे को 27 लाख रुपये के गृह ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे गए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए स्व-सहायता समूहों को भी वित्तीय संबल प्रदान किया गया, जिसमें सरस्वती आजीविका (इमलीपुरा) को 8 लाख रुपये, भीलट बाबा आजीविका (उदयनगर) को 7 लाख रुपये, चांदनी आजीविका (देवनालिया) को 8 लाख रुपये, काजल आजीविका (इमलीपुरा) को 10 लाख रुपये तथा शिवाजी आजीविका (सोबलियापुरा) को 6 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत श्री भगवान सिंह सतपुड़ा को 3.80 लाख रुपये, भगवान बिरसा मुंडा योजना अंतर्गत सावन अस्के को 2.55 लाख रुपये, कृषि यांत्रिकीकरण हेतु गणेश रावत को 1.80 लाख रुपये तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत गेंदा लाल डोडवे को 10.70 लाख रुपये एवं सुशीला बाई माहेश्वरी को 10.52 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बाथम समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, स्थानीय उद्यमी तथा बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की सदस्य उपस्थित थीं।


0 टिप्पणियाँ